छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर में बेखौफ घूम रहे लुटेरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाने से नहीं हिचक रहे हैं। ताजा सनसनीखेज मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां करीब डेढ़ माह पूर्व पुलिस लाइन में पदस्थ महिला आरक्षक अंकिता रावत से दिनदहाड़े बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश करीब दो तोला वजनी सोने की पेंडल लगी चेन झपटकर फरार हो गए थे। पुलिस विभाग की महिला कर्मचारी के साथ हुई इस वारदात के बाद समूचे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। चूंकि अभी तक पुलिस इन बदमाशों को पकड़ नहीं पाई है, जिसके चलते यही वीडियो एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल होते हुए चर्चा का विषय बन गया है।
पन्ना नाका से की रेकी, घर के पास पहुंचते ही झपटी चेन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला आरक्षक अंकिता रावत अपनी ड्यूटी पूरी कर दोपहर में लंच करने के लिए स्कूटी से अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान पन्ना नाका की ओर से काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उनका लगातार पीछा करते हुए सटई रोड तक पहुंचे। बाइक चालक ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि पीछे बैठे युवक ने अपने चेहरे को कपड़े से बांध रखा था। जैसे ही महिला आरक्षक अपने घर की ओर मुड़ने लगीं, बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने नीचे उतरकर झपट्टा मारा और उनके गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से पन्ना मार्ग की तरफ भाग निकले।
112 पर दी सूचना, बीएनएस की धारा 304(2) में मामला दर्ज
वारदात के तुरंत बाद पीड़िता अंकिता रावत ने डायल 112 पर सूचना दी और अपने पति ज्ञान प्रकाश तिवारी (जो छतरपुर न्यायालय में कर्मचारी हैं) को घटना से अवगत कराया। इसके बाद पीड़िता अपने पति के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचीं और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत स्नैचिंग का आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए बदमाश, वायरल हुआ वीडियो
घटना की जांच में जुटी सिविल लाइन थाना पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है। फुटेज में दोनों संदिग्ध बदमाश नए मोहल्ला चौराहा, ब्रह्मकुमारी आश्रम और पन्ना नाका स्थित रुद्राक्ष होटल के समीप से तेजी से निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर भी इस वारदात से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बाइक सवार बदमाश महिला से चेन छीनकर भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस इस फुटेज के आधार पर हुलिए और बाइक नंबर का मिलान कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
शाम ढलते ही चौराहों पर जमते हैं असमाजिक तत्व, गश्त बढ़ाने की मांग
शहर में दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में गहरा आक्रोश और असुरक्षा का भाव है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सटई रोड और पन्ना नाका क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर शाम होते ही असामाजिक तत्वों और संदिग्ध युवकों का जमावड़ा लग जाता है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्धों की सघन चेकिंग की जाए, ताकि इस तरह के अपराधों पर प्रभावी अंकुश लग सके।




