बड़ामलहरा,लोकेन्द्र।। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएं आज से प्रारंभ हो गई हैं। इसी क्रम में बड़ामलहरा के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परीक्षा शुरू होने से कुछ ही मिनट पहले एक छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार कक्षा 12वीं की छात्रा सिद्धि सरवरिया परीक्षा देने केंद्र पर पहुंची ही थी कि अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद तहसीलदार विशम्भर सिंह मरावी, राजस्व निरीक्षक सावंत सिंह एवं सदर पटवारी पंकज बाजपेयी की मौजूदगी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल छात्रा को प्राथमिक उपचार प्रदान किया।
समय पर उपचार मिलने से छात्रा की हालत में सुधार हुआ, जिससे परिजनों और प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस अवसर पर तहसीलदार विशम्भर सिंह मरावी ने परीक्षा दे रहे छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे तनाव मुक्त होकर परीक्षा दें और किसी भी प्रकार की घबराहट से बचें।

