इंदौर, रविकांत वर्मा। पलासिया थाना क्षेत्र के मनोरमागंज में राहगीर से आईफोन 16 झपटकर फरार हुए शातिर मोबाइल स्नैचर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस की घेराबंदी देखकर बाइक से भागने की कोशिश में असंतुलित होकर गिर गया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया है।


पुलिस के अनुसार, मनोरमागंज क्षेत्र में रात के समय एक व्यक्ति पैदल जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश उसका आईफोन 16 झपटकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पलासिया थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की बैकवर्ड और फॉरवर्ड ट्रैकिंग की। फुटेज के आधार पर आरोपी का हुलिया और बाइक की जानकारी पुलिस को मिली।


इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बंगाली सर्विस रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस को सामने देखकर आरोपी ने बाइक तेज गति से भगाने का प्रयास किया, लेकिन असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट आई। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।


पूछताछ में आरोपी की पहचान सम्राट कॉलोनी, खजराना निवासी मोहम्मद आयाज उर्फ कातिया के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से छीना गया आईफोन 16 बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह जिलाबदर भी रह चुका है। पूछताछ में आरोपी ने शहर के अन्य क्षेत्रों में मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों में शामिल होने की जानकारी भी दी है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।