मंडी बंद का उठाया फायदा, कुछ दुकानदारों ने बढ़ाए सब्जियों के दाम

Advertisement
सागर। शहर की तिलकगंज स्थित मुख्य सब्जी मंडी सोमवार को पूरी तरह बंद रही। थोक व्यापार, हम्मालों की गतिविधियां और मंडी से जुड़ा पूरा कामकाज ठप रहा। हालांकि फुटकर सब्जी दुकानदारों के बीच अवकाश को लेकर पूरी सहमति नहीं बन पाई।
मंडी परिसर में 2 से 4 फुटकर सब्जी दुकानों के खुले रहने की जानकारी सामने आई है। मंडी बंद होने का फायदा उठाते हुए इन दुकानदारों ने सब्जियों के दाम मनमाने तरीके से बढ़ा दिए। उपभोक्ताओं के अनुसार, जो सब्जियां सामान्य दिनों में 20 रुपये प्रति किलो बिकती हैं, वे सोमवार को 50 रुपये प्रति किलो तक बेची गईं।
सीमित दुकानों के खुलने और सब्जियों की नई आवक न होने के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई उपभोक्ताओं को मजबूरी में महंगे दाम चुकाने पड़े, जबकि कुछ ग्राहक बिना सब्जी खरीदे ही लौट गए।
व्यापारी संगठनों का कहना है कि अधिकांश फुटकर दुकानदारों ने अवकाश का पालन किया, लेकिन कुछ दुकानों के खुले रहने से विवाद की स्थिति बनी। संगठनों के अनुसार, अवकाश को लेकर पहले से सूचना दी गई थी और इस संबंध में बैठकों का दौर भी चला था।
अब व्यापारी संगठन स्तर पर इस विषय पर दोबारा चर्चा करने की बात कह रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने। फिलहाल सोमवार के अवकाश ने यह स्पष्ट कर दिया है कि थोक स्तर पर व्यवस्था लागू हो चुकी है, लेकिन फुटकर स्तर पर अभी भी एकजुटता और निगरानी की आवश्यकता है।
