छतरपुर/ईशानगर, शिवाकांत मिश्रा। ईशानगर के महावीरन तालाब में प्राचीन समय से चली आ रही पारंपरिक नौका प्रतियोगिता का आयोजन इस बार भी उत्साह और उमंग के साथ किया गया। तालाब के बीच तिरंगा लहराकर प्रतियोगिता की शुरुआत की गई। प्रतियोगिता में रैकवार (निषाद) समाज से जुड़े नाविकों ने पारंपरिक वेशभूषा में नौका संचालन कर अपने हुनर का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में नाविकों ने हिस्सा लिया। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए इस बार पारंपरिक तरीके से नौका यात्रा भी निकाली गई। नाविकों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विजेता नाविकों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया।
नौका रेस में अजय रैकवार ने प्रथम, रानू रैकवार ने द्वितीय और बाबू रैकवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के बाद विजेताओं को पुरस्कार, शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया। ईशानगर में हर वर्ष आयोजित होने वाली इस पारंपरिक नौका प्रतियोगिता को देखने के लिए इस बार भी बड़ी संख्या में लोग महावीरन तालाब पहुंचे। रैकवार समाज के लोगों ने पारंपरिक अंदाज में नौका संचालन कर इस आयोजन की सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखा। कार्यक्रम के दौरान भारतीय मछुआ संघ के अध्यक्ष गोलू रैकवार, शेख इशाक, आनंद असाटी, मुंशी राजा, सुशील दुबे, शेख इरफान सहित रैकवार समाज के लोग मौजूद रहे। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने नौका प्रतियोगिता का आनंद लिया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।




