पलेरा, सोनू विश्वकर्मा। थाना क्षेत्र के ग्राम सतवारा में पारिवारिक विवाद से परेशान एक 42 वर्षीय महिला ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पलेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हंगामा करते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
जानकारी के अनुसार मृतका आशा पटेल (42) के मायके वाले उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के ग्राम महेवा के निवासी हैं। मृतका के भाई पवन पटेल ने आरोप लगाया कि आशा के साथ उसका पति और सास आए दिन मारपीट करते थे। उनका कहना है कि पति शराब का सेवन करता था और जब आशा उसे शराब पीने से मना करती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी।
परिजनों के अनुसार लगातार प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद से परेशान होकर आशा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे पलेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया। पुलिस ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

