मुंबई। टीवी शो 'तू ही रे दिल में' ने 100 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर शो की स्टारकास्ट भी काफी एक्साइटेड है। शो में संजय का किरदार निभा रहे एक्टर अबरार काजी ने अपने सफर को याद करते हुए इसे बेहद खूबसूरत और शानदार जर्नी बताया। वहीं, शो की कहानी भी अब ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है, जहां वृंदा को संजय की एक बड़ी सच्चाई पता चलने वाली है। यह खुलासा कहानी में कई नए ट्विस्ट लेकर आएगा।आईएएनएस से बात करते हुए अबरार काजी ने कहा, '''तू ही रे दिल में' में संजय के तौर पर मेरा सफर बहुत शानदार रहा है। शो को दर्शकों का इतना प्यार मिला है और मैं इस किरदार को निभाकर काफी खुश हूं। 100 एपिसोड पूरे होने के बाद भी ऐसा लगता है जैसे हमने यह सफर कल ही शुरू किया था।''

अबरार ने आगे कहा, ''मैं शो के साथ आने वाले कई और पड़ावों को सेलिब्रेट करना चाहता हूं। मुझे उम्मीद है कि यह सफर 100 से आगे बढ़कर हजार, दो हजार और उससे भी ज्यादा एपिसोड तक पहुंचेगा। संजय मेरे लिए बेहद खास किरदार है। मैं इस किरदार के साथ खुद भी आगे बढ़ना चाहता हूं।''

शो की मौजूदा कहानी को लेकर अबरार ने कहा, ''इस समय कहानी बेहद अहम मोड़ पर है। वृंदा को जल्द ही पता चलेगा कि जिस संजय से उसकी शादी हुई थी, वही संजय अब स्वाति का मंगेतर है और उससे शादी करने वाला है। इस सच्चाई के सामने आने के बाद कहानी में काफी कुछ बदलने वाला है। आने वाले एपिसोड्स में कई दिलचस्प ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। मैं चाहता हूं कि दर्शक इस पूरे सफर को देखें।''

वहीं, शो में वृंदा का किरदार निभा रहीं प्रियांशी यादव ने भी 100 एपिसोड पूरे होने पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, '''तू ही रे दिल में' मेरे लिए बेहद खास शो है, क्योंकि वृंदा के किरदार ने मुझे अलग-अलग तरह के इमोशंस दिखाने का मौका दिया है। वृंदा की मासूमियत, उसकी परेशानियां और उसके सामने आने वाली मुश्किलों ने इस किरदार को काफी परतदार बनाया है। मेरे लिए इस किरदार को निभाना एक खूबसूरत चुनौती है।''

प्रियांशी ने आगे कहा, ''अब वृंदा को जब यह पता चलेगा कि जिस संजय से उसकी शादी हुई थी, वही उसकी सबसे प्यारी दोस्त स्वाति से शादी करने जा रहा है, तो उसके सामने इमोशंस का तूफान खड़ा हो जाएगा। वृंदा खुद को दोषी महसूस करेगी, वह दुखी और कन्फ्यूज होगी। उसे समझ नहीं आएगा कि इन सभी भावनाओं से कैसे निपटे। कहानी का यह नया फेज मेरे लिए एक्टिंग के तौर पर एक और बड़ी चुनौती है और मैं इसे पर्दे पर दिखाने के लिए काफी एक्साइटेड हूं।''

शो में स्वाति का किरदार निभा रहीं सिमरन रावल ने कहा, ''यह मेरा बतौर लीड पहला शो है। मुझे उम्मीद नहीं थी कि स्वाति के किरदार को दर्शकों से इतना प्यार मिलेगा। स्वाति हमेशा उनके दिल के बेहद करीब रहेगी। मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे यह किरदार निभाने का मौका मिला। शो के 100 एपिसोड पूरा होना पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। मैं दर्शकों का शुक्रिया अदा करती हूं कि उनकी वजह से शो को इतना प्यार मिला है। आने वाले समय में शो और आगे बढ़ेगा।''

'तू ही रे दिल में' शो का प्रसारण हर दिन जी टीवी पर होता है।