भोपाल। केंद्रीय मंत्री व भारतीय जनता पार्टी के मध्य प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।दरअसल, डॉ. एल. मुरुगन ने केंद्रीय मंत्री पद और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसके चलते उपचुनाव हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को उम्मीदवार बनाया है। केंद्रीय मंत्री शनिवार को विधानसभा परिसर पहुंचे और उन्होंने यहां निर्वाचन कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
केंद्रीय मंत्री पुरी का निर्वाचित होना लगभग तय है, क्योंकि कांग्रेस राज्यसभा उपचुनाव के लिए अब तक किसी नाम का फैसला नहीं कर पाई है। साथ ही, संख्या बल के आधार पर भाजपा उम्मीदवार को कोई दिक्कत नहीं है। मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल की उपस्थिति में केंद्रीय मंत्री व भारतीय जनता पार्टी के मध्य प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी ने विधानसभा पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संकुल संयोजक विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले केंद्रीय मंत्री अरेरा कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और देशवासियों की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, पार्षद मोनू शिखा गोहल एवं मंडल अध्यक्ष अभिषेक पुरोहित सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। राज्य में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं, जिनमें से आठ पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है, वहीं दो पर कांग्रेस के सदस्य हैं। एक सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है और यह भी भाजपा के खाते में जाने की पूरी संभावना है। इस तरह भाजपा के राज्यसभा सदस्यों की संख्या बढ़कर 9 हो जाएगी।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस की ओर से लगातार भारतीय जनता पार्टी पर हमला किया जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का कहना है कि पुरी का नाम एपस्टीन प्रकरण से जुड़े जिन दस्तावेजों, ईमेल और मुलाकातों के संदर्भ में सामने आया है, उन पर देश के सामने स्पष्ट जवाब भाजपा को देना चाहिए।















