भोपाल,जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 26 टन गौ मांस मामले को लेकर विवाद एक बार फिर गरमा गया है। मुख्य आरोपी असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा की एनएसए के तहत गिरफ्तारी के बाद हाल ही में जेल से रिहाई हुई थी, जिसके बाद अब गौ मांस की हड्डियों को आदमपुर कचरा खंती में ठिकाने लगाने का मामला सामने आया है। इस खबर के फैलते ही हिंदू संगठनों में आक्रोश बढ़ गया।
इसी के विरोध में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने रायसेन रोड पर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मामले में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है और गौ मांस के अवशेषों की वैज्ञानिक जांच नहीं कराई जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जहां ये अवशेष रखे गए हैं, उस गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील किया जाए और सैंपलिंग कर सच्चाई सामने लाई जाए।
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि जब तक प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदर्शन और उग्र हो सकता है। वहीं प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

