सतना, सजल कुमार रजक। कोटर थाना क्षेत्र की लाइसेंसी शराब दुकान पर पदस्थ एएसआई का सेल्समैन के साथ रुपयों का लेनदेन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। एसपी हंसराज सिंह ने कोटर थाने में पदस्थ एएसआई वीरेन्द्र चौबे को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं मामले की जांच हेडक्वार्टर डीएसपी मनोज दीक्षित को सौंपी गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एएसआई वीरेन्द्र चौबे शराब दुकान के सेल्समैन के साथ रुपयों का लेनदेन करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा।
मामले में एएसआई की ओर से सफाई दी गई कि उन्हें छुट्टे पैसों की आवश्यकता थी, जिसके चलते उन्होंने 500 रुपये का नोट देकर छोटे नोट लिए थे। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसआई को लाइन अटैच कर दिया और जांच के आदेश जारी किए हैं। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















