Wednesday, February 11, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशसतनाबिगड़ैल कानून व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने घेरा थाना, दी तालाबंदी की चेतावनी

बिगड़ैल कानून व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने घेरा थाना, दी तालाबंदी की चेतावनी

Post Media
News Logo
Peptech Time
11 फ़रवरी 2026, 01:20 pm IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

सतना,अंबिका केशरी रामपुर बाघेलान क्षेत्र में कानून व्यवस्था और राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो थाना घेराव, तालाबंदी, भूख हड़ताल और उग्र आंदोलन किया जाएगा।


ग्रामीणों ने पुलिस महानिदेशक भोपाल के नाम पुलिस अधीक्षक सतना के माध्यम से तथा आयुक्त रीवा संभाग के नाम एसडीएम रामपुर बाघेलान को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना प्रभारी क्षेत्रीय नेताओं के दबाव में कार्य करते हुए निर्दोष लोगों को झूठे मामलों में फंसा रहे हैं तथा आर्थिक अनियमितताओं में संलिप्त हैं।


ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि पड़रिया में लगभग 10 लाख रुपये, कृष्णा गौतम के घर से 3 लाख रुपये, अर्जुन सोनी की दुकान से 5 लाख रुपये तथा कई ज्वेलर्स की दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 5 में गायों की हत्या, एक आदिवासी युवती के अपहरण और लूट की घटनाओं में भी पुलिस की निष्क्रियता का आरोप लगाया गया है।


वहीं राजस्व और प्रशासनिक मुद्दों में रूहिया-बेला टोल प्लाजा द्वारा ग्रामीण मार्ग बंद किए जाने, नल-जल योजना में कथित अनियमितताओं और आवारा पशुओं से फसल नुकसान का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने इन सभी मामलों की उच्च स्तरीय जांच और प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की है।


प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को हटाए जाने की मांग भी की। प्रशासन की ओर से जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है, लेकिन ग्रामीण सात दिन की समयसीमा पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो एसडीएम कार्यालय और थाना में तालाबंदी की जाएगी।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)