छतरपुर, शिवम सोनी। भैंस चोरी के एक मामले को लेकर सोमवार को ग्राम सिमरिया के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और थाना सिविल लाइन पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने और मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।


ग्राम सिमरिया निवासी अरविंद यादव ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 14 जून 2025 को उनकी चार भैंसें और एक पड़िया खेत से चोरी हो गई थीं। घटना की रिपोर्ट थाना सिविल लाइन में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक चोरी गए मवेशियों की बरामदगी नहीं हो सकी है।


पीड़ित का आरोप है कि मामले के मुख्य आरोपी भागीरथ यादव को पुलिस ने पकड़ने के बाद छोड़ दिया। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपी रामजी यादव एवं एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। अरविंद यादव का कहना है कि उनके पास मोबाइल में ऐसे ऑडियो और वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं, जिनमें आरोपी भैंस चोरी की बात स्वीकार करते हुए सुनाई और दिखाई दे रहे हैं।


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित पक्ष से सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है, जिसके कारण मामले की निष्पक्ष जांच प्रभावित हो रही है।


ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गई भैंसों की बरामदगी तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।