छतरपुर, संजय अवस्थी। छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मनोरिया में एक फरार आरोपी और स्थानीय दबंग की अनैतिक व तानाशाही गतिविधियों से परेशान होकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को मनोरिया ग्राम पंचायत की सरपंच कल्पना द्विवेदी और हर्ष द्विवेदी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर एक शिकायती आवेदन सौंपा और आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। एसपी कार्यालय में दिए गए शिकायती आवेदन के अनुसार, मनोरिया गांव का रहने वाला आरोपी रवि अहिरवार लंबे समय से पुलिस रिकॉर्ड में फरार चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद वह गांव में खुलेआम घूमकर विभिन्न प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रवि अहिरवार की इन संदिग्ध और अवैध हरकतों के कारण गांव का शांतिपूर्ण माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है और ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


इसके साथ ही, सरपंच और ग्रामीणों ने गांव के ही एक अन्य दबंग राजबहादुर बंसल के खिलाफ भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायती पत्र में उल्लेख किया गया है कि दबंग राजबहादुर बंसल पंचायत द्वारा कराए जा रहे विभिन्न विकास और शासकीय कार्यों में जानबूझकर व्यवधान उत्पन्न करता है। जब भी पंचायत प्रतिनिधि या ग्रामीण उसे रोकने का प्रयास करते हैं, तो वह उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता पर उतारू हो जाता है। दबंगई के बल पर शासकीय कार्यों को रोकने की इस आदत से पूरी पंचायत का विकास कार्य ठप पड़ा हुआ है। मनोरिया पंचायत की सरपंच कल्पना द्विवेदी और हर्ष द्विवेदी ने बताया कि इन दोनों व्यक्तियों के आतंक और हरकतों से पूरा गांव त्रस्त हो चुका है। स्थानीय स्तर पर शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण आज उन्हें जिला मुख्यालय आकर एसपी से गुहार लगानी पड़ी है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि फरार आरोपी रवि अहिरवार को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और शासकीय कार्यों में बाधा डालने व गाली-गलौज करने वाले दबंग राजबहादुर बंसल के खिलाफ कड़ी कानूनी धाराओं में मामला दर्ज कर ग्रामीणों को सुरक्षा प्रदान की जाए।