भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दर्शाने वाले पोस्टर पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे हिंदू धर्म का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को भगवान और व्यक्ति के बीच का अंतर समझ नहीं है। यह चाटुकारिता और चमचागिरी की पराकाष्ठा है। सारंग ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और नेहरू-गांधी परिवार चुनाव के समय ही हिंदू बनने का नाटक करते हैं तथा सनातन विरोधी ताकतों को संरक्षण देते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज भगवान परशुराम के अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेगा।


विश्व योग दिवस के अवसर पर मंत्री सारंग ने कहा कि सबसे बड़ा सुख निरोगी काया है और स्वस्थ जीवन के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष प्रधानमंत्री के आह्वान पर 26 करोड़ से अधिक लोगों ने योग कार्यक्रमों में भाग लिया था।


खेल विभाग द्वारा शुरू किए गए टैलेंट सर्च अभियान को लेकर सारंग ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को खेलों के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाना है। इसके लिए विभिन्न खेल अकादमियों का संचालन किया जा रहा है, जहां प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से प्रतिभावान बच्चों का चयन कर उन्हें उत्कृष्ट खिलाड़ी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।


कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि कुछ नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है और उन पर दया करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सभी परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही उन्होंने जीतू पटवारी द्वारा दिग्विजय सिंह के कथित अपमान को लेकर भी कांग्रेस को घेरा और कहा कि पार्टी के भीतर सम्मान की कमी दिखाई दे रही है। सारंग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस समाज में वर्ग संघर्ष पैदा करने का प्रयास करती है तथा नकारात्मक राजनीति को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए तबादले किए गए हैं।