टीकमगढ़, मोहसिन खान। गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए आज टीकमगढ़ में संतों के नेतृत्व में एक विशाल जनआंदोलन देखने को मिला। 'नजरबाग' से शुरू होकर 'गुलाब गार्डन' तक सैकड़ों गौभक्तों ने बाइक रैली निकाली। पूरे मार्ग में "जय गौ माता" के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
रैली के बाद गौभक्तों ने गुलाब गार्डन से कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा की और प्रधानमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और गौ माता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा देने की मांग उठाई गई। आयोजकों ने इसे केवल एक औपचारिक ज्ञापन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आस्था की रक्षा के लिए उठी प्रचंड आवाज बताया।
इस दौरान 'चौकी वाले बाबा' बबलू महाराज, भाजपा नेता राजेंद्र तिवारी, बृजकिशोर तिवारी और राहुल सहित बड़ी संख्या में गौभक्त, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि "सेवा, सुरक्षा और सम्मान" के संकल्प के साथ यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

