छतरपुर,संजय अवस्थी।। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शहर में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगम सेवालय द्वारा सागर रोड स्थित एंजेल पब्लिक स्कूल में यह आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया मौजूद रहीं। ब्रह्मकुमारी आश्रम से बहन रीना और बहन कल्पना ने भी मंच पर शिरकत की और महिलाओं के योगदान पर प्रकाश डाला। इस दौरान महिलाओं की भूमिका, उनकी चुनौतियों और सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
आयोजन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, ब्रह्मकुमारी आश्रम की बहन रीना, बहन कल्पना सहित अन्य कई महिलाओं का सम्मान किया गया। संगम सेवालय की अंजू अवस्थी और विपिन अवस्थी ने कार्यक्रम का संयोजन किया तथा मौजूद सभी महिलाओं का विशेष सम्मान किया।
यह कार्यक्रम महिलाओं को प्रोत्साहित करने और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। संगम सेवालय के प्रयासों से शहर में ऐसे सामाजिक कार्यक्रम नियमित रूप से होते रहते हैं, जो समाज के सकारात्मक बदलाव में योगदान देते हैं।

