नई दिल्ली। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) द्वारा संचालित महिला बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स ने अगले सीजन के लिए यॉर्कशायर के पूर्व ऑलराउंडर रिचर्ड पायराह को अपना नया कोच बनाया है।

मेलबर्न स्टार्स के जीएम जेम्स रोसेनगार्टन ने कहा, "वह महिला और पुरुष दोनों टीमों के एक अनुभवी कोच हैं। टीम में अलग-अलग तरह के स्किल्स लाएंगे। उनके आने से हमारा क्लब मजबूत होगा। एंडी ने पिछले सीजन में हमारी टीम को विमेंस बिग बैश लीग फाइनल तक पहुंचाने में शानदार काम किया था। उनका हमारे साथ बने रहना जरूरी था।"

रोसेनगार्टन ने कहा, "पायराह पहले से ही विक्टोरियन महिला टीम में हमारे कई खिलाड़ियों को कोचिंग दे रहे हैं। उनके पूर्व कोचिंग का अनुभव अगले सीजन में हमारे काम आएगा।"

रिचर्ड पायराह फिलहाल यॉर्कशायर विमेंस कोच के तौर पर काम कर रहे हैं। टीम के साथ उनका तीसरा सीजन है। वह इस सीजन में विमेंस हंड्रेड में सनराइजर्स लीड्स के साथ सहायक कोच थे। उन्होंने एनाबेल सदरलैंड जैसी खिलाड़ी के साथ काम किया है। पायराह इससे पहले 2015 और 2017 के बीच मेलबर्न रेनेगेड्स और एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ कंसल्टेंट के तौर पर बीबीएल में काम कर चुके हैं।

मेलबर्न स्टार्स ने एक बड़ा बदलाव यह भी किया है कि पिछले सीजन कोच रहे एंडी क्रिस्टी को सहायक कोच बनाया है। क्रिस्टी की कोचिंग में मेलबर्न स्टार्स पिछले सीजन नॉकआउट में पहुंची थी, जहां उसे पर्थ स्कॉर्चर्स से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, क्रिस्टी के बारे में पिछले सीजन ही यह घोषणा की गई थी कि डब्ल्यूएनसीएल में विक्टोरिया के साथ अपने हेड कोच रोल पर फोकस करने के लिए सहायक कोच की भूमिका में वापस आ जाएंगे।

मेलबर्न स्टार्स में एनाबेल सदरलैंड के अलावा महिला क्रिकेट की दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार मेग लैनिंग, मारिजेन कैप, एमी जोन्स और किम गार्थ भी हैं। पायराह के नेतृत्व में टीम अगले सीजन खिताब जीतने की उम्मीदों के साथ उतरेगी।