नई दिल्ली। वर्ष 2026 की शुरुआत से ही युद्ध, बदलते वैश्विक शक्ति संतुलन और दबाव के बीच भारत ने अपनी व‍िदेश न‍ीत‍ि को मजबूत बनाए रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में भारत ने स्पष्ट किया है कि उसकी विदेश नीति किसी दूसरे देश की इच्छा या दबाव से नहीं, बल्कि राष्ट्रीय हितों और स्वतंत्र निर्णयों से तय होगी। प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीति की सबसे बड़ी विशेषता यह रही है कि उन्होंने दुनिया की दो बड़ी शक्तियों के साथ संबंधों को किसी एक खेमे में शामिल हुए बिना आगे बढ़ाने की कोशिश की।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्‍व में भारत ने एक तरफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ व्यापार, रक्षा और रणनीतिक रिश्तों को मजबूत करने की कोश‍िश जारी रखी, तो दूसरी तरफ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ दशकों पुराने भरोसे और साझेदारी को बनाए रखा है।

भारत के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिश्ते पिछले कुछ समय में कई उतार-चढ़ाव से गुजरे हैं। व्यापार शुल्क, रूस से भारत की तेल खरीद, रक्षा सहयोग और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव जैसे मुद्दों पर दोनों देशों के बीच मतभेद सामने आए। इसके बावजूद भारत ने अमेरिका के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को कमजोर नहीं होने दिया। भारत का रुख हमेशा स्पष्ट रहा क‍ि संघर्षों का समाधान युद्ध से नहीं, बल्कि बातचीत और कूटनीति से निकलना चाहिए।

हालांकि, भारत-अमेरिका संबंधों में चुनौतियां कम नहीं हैं। युद्ध में यूक्रेन का समर्थन कर रहे अमेर‍िका की तरफ से भारत पर रूसी तेल खरीद को लेकर दबाव और व्यापार शुल्क जैसे मुद्दे उठाए जाते रहे हैं। वाशिंगटन चाहता है कि भारत उसके रणनीतिक और आर्थिक हितों के अनुरूप फैसले ले, लेकिन भारत की व‍िदेश नीत‍ि ने लगातार यह स्पष्ट किया है कि ऊर्जा सुरक्षा और व्यापार से जुड़े फैसले भारत की अपनी जरूरतों के आधार पर होंगे।

प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीति और भारत की मजबूत नीत‍ि का एक पहलू यह है क‍ि इन तमाम चुनौत‍ियों के बाद भी देश ने अमेरिका के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को कमजोर नहीं होने दिया। नतीजा अमेर‍िका को तेल खरीद के अपने फैसले पर पीछे हटना पड़ा। भारत का रुख हमेशा स्पष्ट रहा क‍ि संघर्षों का समाधान युद्ध से नहीं, बल्कि बातचीत और कूटनीति से निकलना चाहिए।

नवंबर में ही फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोज‍ित 'क्वाड' शिखर सम्मेलन में एक बार फ‍िर प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात हुई। क्वाड के मंच पर दोनों नेताओं की मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि मतभेदों के बावजूद दोनों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, स्थिरता और सहयोग के लिए साथ काम करने को तैयार हैं।

इससे पहले जून में फ्रांस के एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान भी पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात हुई थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा, ऊर्जा, तकनीक और व्यापार के क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। दोनों देशों के बीच अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर हुई प्रगति पर भी चर्चा हुई थी।

भारत के लिए अमेरिका एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है। रक्षा तकनीक, आधुनिक हथियार, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में अमेरिकी सहयोग की अहमियत है। इसके बावजूद भारत ने अपने पुराने साझेदारों से संबंध खत्म करने का रास्ता नहीं चुना है।

भारत रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ पुरानी रणनीतिक साझेदारी को भी ब‍िना क‍िसी दबाव के आगे बढ़ा रहा है। यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पश्चिमी देशों ने रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए और दूसरे देशों से भी रूस के साथ आर्थिक सहयोग सीमित करने की अपेक्षा की। लेकिन भारत ने इस मामले में अपनी अलग नीति अपनाई। भारत ने रूस के साथ संवाद और व्यापार जारी रखा, साथ ही यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने की आवश्यकता पर भी लगातार जोर दिया।

सितंबर में नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष और लोगों के बीच संपर्क जैसे कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। इस बैठक में पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र के संघर्षों पर भी चर्चा हुई। इन संघर्षों का असर समुद्री व्यापार और भारतीय नाविकों की सुरक्षा पर पड़ रहा है। प्रधानमंत्री ने शांति प्रयासों में भारत की भूमिका निभाने की तत्परता भी दोहराई।

रूस लंबे समय से भारत का एक प्रमुख रक्षा साझेदार रहा है। भारतीय सेना के कई महत्वपूर्ण हथियार और रक्षा प्रणालियां रूसी तकनीक पर आधारित हैं। इसके अलावा, कच्चे तेल की खरीद ने भी दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को नई मजबूती दी है। भारत ने कभी रूस के साथ अपने संबंधों को इस शर्त पर आगे नहीं बढ़ाया कि उसे यूक्रेन युद्ध पर चुप रहना होगा। भारत ने कई मौकों पर रूस के राष्ट्रपति पुतिन से सीधे बातचीत में युद्ध समाप्त करने और शांति का रास्ता अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

भारत आज एक तरफ क्वाड में अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ काम कर रहा है, तो दूसरी तरफ ब्रिक्स और शंघाई सहयोग संगठन जैसे मंचों पर रूस और चीन के साथ भी बैठता है। इसका उद्देश्य किसी एक वैश्विक शक्ति के प्रभाव में आना नहीं, बल्कि अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय मंचों का इस्तेमाल भारत के आर्थिक, सुरक्षा और कूटनीतिक हितों को आगे बढ़ाने के लिए करना है।