बिजावर/किशनगढ़ (छतरपुर)। बिजावर अनुभाग के किशनगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरा के पास स्थित हथनीटोर नदी पर पिकनिक मनाने गए युवकों के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ नदी में नहाते समय एक 20 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना कल शाम की बताई जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सटई निवासी मनोज (20 वर्ष), पिता भगवानदास जाटव, अपने करीब 8 अन्य साथियों के साथ देवरा के हथनीटोर नदी के पास पिकनिक मनाने और पार्टी करने आया था। इसी दौरान नहाते समय मनोज अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों द्वारा शोर मचाने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।


ताजिये के त्योहार के मद्देनजर क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात कुपी चौकी प्रभारी जगदीश शिवहरे को जैसे ही इस हादसे की खबर मिली, वे बिना वक्त गंवाए 5-6 स्थानीय ग्रामीणों को साथ लेकर तुरंत मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी और ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद मृतक मनोज के शव को पानी से बाहर खोज निकाला। पिकनिक पार्टी में शामिल सभी 9 युवकों से पुलिस इस संबंध में पूछताछ कर रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक के गृह ग्राम सटई में शोक की लहर है।