टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। जिले के एक 15 वर्षीय नाबालिग ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर अपनी बुआ और परिवार के कुछ सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में नाबालिग ने कहा कि माता-पिता के निधन के बाद वह रिश्तेदारों के साथ रह रहा था, जहां उसके साथ जबरदस्ती करते हुए एक विधवा महिला की मांग भरवाई गई और उसे उसी के साथ रहने के लिए दबाव बनाया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ जबरन शारीरिक शोषण कराने की कोशिश की गई।
शिकायत के अनुसार, नाबालिग ने कई बार अपनी उम्र मात्र 15 वर्ष होने का हवाला देते हुए विरोध किया, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। आरोप है कि उसे मंदिर ले जाकर जबरन विधवा महिला की मांग भरवाई गई और बाद में यह कहकर उसके साथ रहने के लिए मजबूर किया गया कि अब उसका विवाह हो चुका है।
पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और उसकी सुरक्षा भी खतरे में है। उसने बताया कि मामले की शिकायत पहले संबंधित थाने और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर भी की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच, सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए हैं। मामले की वास्तविक स्थिति और सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।














