बमीठा, अशोक नामदेव। धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग मध्यप्रदेश द्वारा संचालित भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत खजुराहो रेलवे स्टेशन से करीब 200 तीर्थ यात्री द्वारकाधीश दर्शन के लिए रवाना हुए। तीर्थ यात्रियों में छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़ एवं विदिशा जिले के श्रद्धालु शामिल रहे। विशेष ट्रेन रात्रि 11 बजे खजुराहो रेलवे स्टेशन से द्वारका के लिए रवाना हुई।


इस अवसर पर रेलवे स्टेशन पर तीर्थ यात्रियों का फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर में भोजन एवं अल्पाहार की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


तीर्थ दर्शन के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है। योजना के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा रही है।