सतना, अंबिका केशरी। कोलगवां थाना क्षेत्र के सोनौरा स्थित एक सूने मकान में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए 37 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना 2-3 जुलाई की दरमियानी रात की बताई जा रही है। घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश बदमाश घर के पीछे की ओर से घुसते हुए दिखाई दिए हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट जबलपुर में अधिवक्ता रजनीश शर्मा का डीपीएस स्कूल के पास सोनौरा में मकान है। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, जबकि उनके पिता शंकरदीन शर्मा पास के दूसरे मकान में थे। बदमाश पीछे की ओर से तार फेंसिंग काटकर घर में दाखिल हुए और कार्यालय में रखी तिजोरी का लॉक तोड़कर उसमें रखे 37 लाख रुपये चोरी कर ले गए। इसके अलावा दूसरे कमरे की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात भी चुरा लिए। रजनीश शर्मा ने बताया कि नकद राशि जमीन के एक सौदे के भुगतान के लिए घर में रखी गई थी।


रविवार को शंकरदीन शर्मा ने घर के पीछे तार फेंसिंग कटी हुई देखी और पानी की टंकी के पास छत पर चढ़ने के निशान मिलने पर उन्हें चोरी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर रजनीश शर्मा जबलपुर से सतना पहुंचे तो घर का सामान बिखरा मिला और कार्यालय की तिजोरी टूटी हुई थी। घर में लगे सात सीसीटीवी कैमरे भी गायब थे। हालांकि डीवीआर में सुरक्षित रिकॉर्डिंग में दो नकाबपोश बदमाश घर में प्रवेश करते दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने कोलगवां थाने में लिखित शिकायत के साथ सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए।


पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।