मुंबई। निर्माता साजिद नाडियाडवाला की भांजी (बहन की बेटी) आफिया सैयद ने कॉमेडी-ड्रामा-रोमांस फिल्म 'प्रेम कीटाणु' से सिनेमा की दुनिया में कदम रखा है। शुक्रवार को अभिनेत्री रवीना टंडन ने आफिया सैयद के काम की तारीफ की।

कॉमेडी-ड्रामा-रोमांस फिल्म 'प्रेम कीटाणु' की स्क्रीनिंग गुरुवार रात को रखी गई थी, जिसमें मनोरंजन जगत की बड़ी-बड़ी हस्तियों ने शिरकत की थी। अभिनेत्री रवीना टंडन ने आफिया सैयद के साथ इंस्टाग्राम कई तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें उन्होंने लिखा, "आफिया सैयद को बधाई। प्यार, आशीर्वाद और तुम्हारे दिल की हर ख्वाहिश पूरी हो।"

अभिनेत्री ने आगे लिखा, "मैंने तुम्हे फिल्म के लिए कड़ी मेहनत और लगन से काम करते देखा है। रास्ते में कई रुकावटें आईं लेकिन तुमने कभी अपना फोकस नहीं खोया। तुम अकेले मजबूती से खड़ी रहीं और जीत की उस एक मंजिल के लिए सब कुछ सहा।

अभिनेत्री ने बताया कि आफिया सैयद को बड़े पर्दे पर देखकर उन्हें काफी गर्व महसूस हुआ। उन्होंने लिखा, "तुम्हें पर्दे पर पूरे जलवे में देखकर मैं सबसे गर्वित मौसी बन गई हूं। लव यू बेटा और ईश्वर तुम्हें ढेर सारा आशीर्वाद दे। तुम्हारा सिनेमा की दुनिया में स्वागत है, तुम यहां जीतने के लिए आई हो। प्रेमकीतनु नजदीकी थिएटर में चल रही है।"

रवीना टंडन ने आगे फिल्म के अन्य कलाकारों की भी तारीफ करते हुए लिखा, "वीर पहाड़िया तुमने भी अच्छा परफॉर्म किया है। अपारशक्ति खुराना, तुम बेहद शानदार हो। निक्की तुम बहुत क्यूट और फनी हो। गौरव और अपूर्वा को भी बधाई।"

अपूर्व सिंह कार्की द्वारा निर्देशित और गौरव वर्मा द्वारा निर्मित फिल्म कॉलेज के दिनों की मस्ती, दोस्ती, एकतरफा प्यार और दिल टूटने जैसे अनुभवों के इर्द-गिर्द घूमती है। कई जगह दावा किया जा रहा है कि यह चर्चित मलयालम हिट फिल्म 'प्रेमालू' का रीमेक है।

फिल्म में वीर पहाड़िया के अलावा अपारशक्ति खुराना, आफिया सैयद, राकेश बेदी और निखिल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है।