पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मडैयन में मवेशी अलग करने के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। भैंसों के झुंड से अपना लापता पाड़ा (पडवा) अलग कर घर लौट रहे युवक और उसके परिवार पर गांव के ही तीन लोगों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक ही परिवार के 6 सदस्य घायल हो गए हैं। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


नल के पास रास्ता रोककर की गाली-गलौज; बीच-बचाव करने आए परिजनों पर भी बोला हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार (12 नवंबर) को 19 वर्षीय छात्र रामनारायण कुशवाहा अपने चाचा रामप्रताप कुशवाहा के साथ रात से लापता अपने पाड़े (पडवा) को ढूंढकर वापस घर लौट रहा था। जब वे गांव में विजय कुशवाहा के घर के सामने लगे नल के पास पहुंचे, तो विजय ने भैंसों के झुंड से पाड़ा अलग करने पर आपत्ति जताई और रास्ता रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विजय ने लकड़ी के डंडे से रामनारायण के दाहिने हाथ पर वार कर दिया। शोर सुनकर जब रामनारायण के पिता हरीराम, चाचा रामचंद्र, मां पार्वती और चाची रामकुमारी बीच-बचाव करने पहुंचे, तो विजय ने अपने पिता रामचरण और बेटे अनुराग कुशवाहा को भी बुला लिया। तीनों आरोपियों ने मिलकर पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। हमले में हरीराम के सिर पर कुल्हाड़ी से और रामप्रताप के सिर पर लोहे की रॉड से गंभीर वार किया गया। वहीं, रामचंद्र को डंडे से पीटा गया, जबकि रामकुमारी को थप्पड़ मारे गए और पार्वती के साथ झूमाझटकी की गई।


दोबारा मवेशी अलग करने पर दी जान से मारने की धमकी; 3 आरोपियों पर केस दर्ज

मारपीट करने के बाद आरोपियों ने पीड़ित परिवार को चेतावनी दी कि यदि दोबारा मवेशियों के झुंड से पाड़ा अलग किया, तो जान से खत्म कर देंगे। घायल रामनारायण की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी विजय कुशवाहा, रामचरण कुशवाहा और अनुराग कुशवाहा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(b), 115(2), 118(1), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।