मंदसौर, ललित शंकर धाकड़: जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के लुका गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सात साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेत और झाड़ियों के पास मिला शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक मजदूर परिवार की सात साल की बेटी अचानक लापता हो गई थी। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव गांव के पास ही झाड़ियों में लावारिस हालत में बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच और हालात को देखते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है, जिससे ग्रामीणों में भारी गुस्सा व्याप्त है।
आरोपी हिरासत में, अस्पताल पहुंचा शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक संदिग्ध मजदूर युवक को हिरासत में ले लिया है, जिससे थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए गरोठ शासकीय अस्पताल पहुंचाया है।
इलाके में सुरक्षा और तनाव का माहौल
इस वीभत्स घटना के सामने आने के बाद लुका गांव सहित पूरे गरोठ क्षेत्र में शोक और गुस्से की लहर दौड़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ त्वरित और सबसे सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि दोषी को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके।













