कटनी, सुमित पाण्डेय। शहर के पुरैनी क्षेत्र में स्थित DAV School Katni में बुधवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग स्कूल के कंप्यूटर लैब और रिकॉर्ड रूम में तेजी से फैल गई, जिससे पूरे परिसर में धुआं भर गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय स्कूल में बच्चों की छुट्टी हो चुकी थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि शिक्षक और स्टाफ मौके पर मौजूद थे।


घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को तत्काल बुलाया गया। सूचना पर फायर विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। फायर अधिकारी Shailendra Dubey ने बताया कि करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।


फायर टीम की तत्परता से एक अन्य कंप्यूटर लैब को सुरक्षित बचा लिया गया, जिससे बड़े नुकसान को टाल दिया गया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।