कटनी। बहुचर्चित जमीन सौदेबाजी कांड और अन्य आपराधिक मामलों में नामजद व लंबे समय से फरार चल रहीं निलंबित अधिकारी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। जिला पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए नेहा पच्चीसिया समेत मामले से जुड़े तीन प्रमुख आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। इसके साथ ही आरोपियों के देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (लुकआउट नोटिस) भी जारी कर दिया गया है।


लगातार फरार चल रही हैं निलंबित नेहा पच्चीसिया

मामले में नाम सामने आने और गंभीर अनियमितताओं के उजागर होने के बाद शासन द्वारा नेहा पच्चीसिया को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। कानूनी शिकंजा कसने के बाद से ही वह पुलिस जांच से बचते हुए लगातार फरार चल रही हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित किए जाने के बाद अब उनकी गिरफ्तारी के प्रयास और तेज कर दिए गए हैं।


देश छोड़ने पर रोक के लिए लुकआउट नोटिस जारी

पुलिस प्रशासन ने सभी हवाई अड्डों और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर अलर्ट भेजते हुए लुकआउट नोटिस जारी कराया है, ताकि कोई भी आरोपी विदेश न भाग सके। इसके साथ ही संबंधित जांच एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है।


संभावित ठिकानों पर पुलिस की लगातार छापेमारी

एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो आरोपियों के छिपने के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा और मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।