छतरपुर, संजय अवस्थी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जिला प्रशासन ने एक अभिनव पहल करते हुए लोक सेवा गुरूकुल की शुरुआत की है। जिसका शुभारंभ छतरपुर शहर में स्थित ग्रंथालय (सेंट्रल लाइब्रेरी) में अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अशोक वर्णवाल ने फीता काटकर किया। इस दौरान कलेक्टर पार्थ जैसवाल, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, सीएमओ माधुरी शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अपर मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन के इस नवाचार को शिक्षा के क्षेत्र में एक अच्छी पहल एवं सार्थक प्रयास बताया। उन्होंने लाइब्रेरी का भ्रमण करते हुए बच्चों से शिक्षा के संबंध में चर्चा की एवं उन्हें कैरियर मार्गदर्शन दिया।
इस पहल के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के छात्र-छात्राओं को छतरपुर में ही निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें इंदौर, भोपाल एवं दिल्ली जैसे बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग लेने की आवश्यकता नहीं होगी।
वरिष्ठ अधिकारी भी देंगे मार्गदर्शन
इसी सप्ताह से कलेक्टर पार्थ जैसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नमः शिवाय अरजरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक एवं विषय विशेषज्ञ सेंट्रल लाइब्रेरी में प्रतियोगी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क मार्गदर्शन एवं कोचिंग प्रदान करेंगे।
ऑफलाइन कोचिंग, डिजिटल संसाधन एवं मॉक टेस्ट की सुविधा
लोक सेवा गुरूकुल के अंतर्गत विद्यार्थियों को ऑफलाइन कक्षाओं के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अध्ययन सामग्री एवं ऑनलाइन संसाधनों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही समय-समय पर मॉक टेस्ट आयोजित कर विद्यार्थियों की तैयारी का मूल्यांकन किया जाएगा।
सप्ताह में चार दिन संचालित होंगी कक्षाएं
कोचिंग कक्षाएं प्रत्येक सप्ताह गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार एवं रविवार को सायं 5 बजे से 7 बजे तक संचालित होंगी। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। यह कोचिंग यूपीपीएससी, एमपीसी, मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल, बैंकिंग तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगी। इसमें भूगोल, इतिहास, राजनीतिशास्त्र, गणित, अंग्रेजी, रीजनिंग, अर्थशास्त्र, नीतिशास्त्र, मध्यप्रदेश सामान्य ज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी सहित प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित विभिन्न विषयों का अध्यापन किया जाएगा।
पंजीयन के लिए यहां करें संपर्क
इस कोचिंग के लिए डॉ. पी.पी. शुक्ला असिस्टेंट प्रोफेसर को कोर्स डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। इच्छुक छात्र-छात्राएं पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9893659908 पर संपर्क कर सकते हैं।




