देवास, नंदकिशोर गुर्जर । सतवास क्षेत्र के पीपलकोटा गरड़ी स्थित नायरा पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने के बाद कार बंद होने का मामला सामने आया है। वाहन मालिक ने ईंधन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वहीं पेट्रोल पंप प्रबंधन ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।


जानकारी के अनुसार, खातेगांव निवासी संतोष पाटीदार ने आरोप लगाया कि उन्होंने पीपलकोटा स्थित नायरा पेट्रोल पंप से अपनी हुंडई एक्सेंट कार में डीजल भरवाया था। कुछ ही देर बाद वाहन अचानक बंद हो गया। उनका कहना है कि मैकेनिक द्वारा जांच करने पर डीजल टैंक और फिल्टर में पानी होने की बात सामने आई। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।


इधर, नायरा पेट्रोल पंप के मैनेजर अजय ठाकुर ने वाहन मालिक के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पेट्रोल पंप पर उपलब्ध ईंधन पूरी तरह मानकों के अनुरूप है और उसमें किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई सक्षम अधिकारी जांच करना चाहता है तो पेट्रोल पंप प्रबंधन पूरी तरह सहयोग करेगा।


वहीं खाद्य अधिकारी स्वाति मसराम ने बताया कि उनके पास अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, उन्होंने इस विषय पर कैमरे के सामने बयान देने से इनकार कर दिया।