कटनी, प्रवीण तिवारी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रभटा में कथित रूप से अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिसकी शिकायत उनके द्वारा कई बार स्लीमनाबाद थाने में की गई, लेकिन शराब का कारोबार बंद नहीं हुआ।
लगातार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को अवैध शराब पकड़कर स्लीमनाबाद थाने पहुंचकर पुलिस को सौंप दी। ग्रामीणों ने पुलिस से गांव में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को भी अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अवैध शराब की बिक्री से माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने पुलिस से लगातार निगरानी रखने और अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने की मांग की है।














