छतरपुर, ​शिवम सोनी। शहर सहित जिले भर में बढ़ते साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी के अपराधों को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा एक विशेष जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत आमजन को जागरूक करने के लिए तैयार किए गए एक विशेष प्रचार रथ को पुलिस अधीक्षक (एसपी) रजत सकलेचा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों से होकर गुजरेगा, जो लोगों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, और सोशल मीडिया से जुड़े खतरों के प्रति सचेत करेगा। रथ को रवाना करने के इस मुख्य कार्यक्रम में एसपी रजत सकलेचा के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) आदित्य पटले सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी थाने में सूचना दें।