नवागत थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर का एक्शन मोड; पशु तस्करों में हड़कंप, पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज


पन्ना, मोहम्मद मुस्तकीम | पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नवागत थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बीती रात घेराबंदी कर उत्तर प्रदेश के बूचड़खानों में ले जाए जा रहे लगभग एक सैकड़ा (100) मवेशियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। पुलिस ने इस दौरान पशुओं से लदे चार पिकअप वाहनों को भी ज़ब्त किया है।


मुखबिर की सूचना पर देर रात घेराबंदी

जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर अवैध रूप से मवेशियों को पिकअप वाहनों में भरकर क्रूरतापूर्वक उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर ने पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला और संभावित रास्तों पर पैनी नजर रखी। जैसे ही चारों वाहन संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए, पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया।


वाहनों में ठूंस-ठूंस कर भरे थे मवेशी

तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि चार अलग-अलग पिकअप वाहनों में लगभग 100 भैंसों और अन्य मवेशियों को बेहद क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। तस्कर इन मवेशियों को चोरी-छिपे सीमा पार ले जाने की फिराक में थे। पुलिस ने तुरंत सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकलवाया और उन्हें पास की गौशाला में भिजवा दिया है।


थाना प्रभारी का कड़ा संदेश

पदभार ग्रहण करते ही अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने वाले थाना प्रभारी हरि सिंह ठाकुर ने स्पष्ट कहा है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा:

"अवैध पशु तस्करी और अन्य अपराधों के खिलाफ हमारा अभियान निरंतर जारी रहेगा। हमने चार वाहनों सहित तस्करों को पकड़ा है और उन पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।"


जब्तीनामा:

मवेशी: लगभग 100 (भैंस एवं अन्य)

वाहन: 4 पिकअप (ज़ब्त)

कार्रवाई: पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध।