कटनी, सुमित पाण्डेय। कटनी में भूमाफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे अब सरकारी जमीन पर भी बेखौफ अवैध प्लॉटिंग का कारोबार चला रहे हैं। ताजा मामला नगर निगम सीमा क्षेत्र के रंगनाथ मंदिर के पीछे का है, जहां भूमाफियाओं द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग का काम जोर-शोर से किया जा रहा है। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि जिस जमीन की खरीद-फरोख्त की जा रही है, वहां वास्तव में कोई निजी जमीन बची ही नहीं है।
यह पूरा क्षेत्र हल्का टिकरिया के अंतर्गत आता है। रिकॉर्ड के अनुसार, ग्राम मुड़वारा हल्का मुड़वारा के खसरा नंबर 1271/1 और 1271/4 की कुल जमीन पर पहले से ही मकान बने हुए हैं और वहां कोई भी जमीन शेष नहीं बची है। इसके बावजूद भूमाफिया इस खसरे से लगी हुई पूरी तरह से सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा दिलवा रहे हैं।
अब तक इन भूमाफियाओं ने कई भोले-भाले लोगों को गुमराह कर जमीनों की फर्जी रजिस्ट्रियां करा दी हैं और उन्हें सरकारी जमीन पर कब्जा सौंप दिया है। इस गंभीर मामले की शिकायत मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है, और इसकी औपचारिक शिकायत नगर निगम कमिश्नर से की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। नगर निगम उपायुक्त शैलेश गुप्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें इस मामले में लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत मिलते ही निगम की एक विशेष टीम को मौके पर मुआयना और जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर भूमाफियाओं के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
















