पन्ना। जिले में वन संपदा की रक्षा करने वाले मैदानी वनकर्मियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वन क्षेत्र में हो रही कथित अवैध गतिविधियों को रोकने पहुंचे वन विभाग के अमले के साथ गाली-गलौज, अभद्रता, मारपीट करने की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पीड़ित वनकर्मियों ने वन परिक्षेत्राधिकारी एवं डीएफओ को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने और मैदानी स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम पटी के समीप वन सीमा से लगे क्षेत्र में वन विभाग द्वारा विस्थापित आदिवासी परिवारों को बसाया गया है, जहां कुछ लोगों द्वारा वन भूमि में अवैध हीरा उत्खनन और अन्य संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। इसी सूचना पर 20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:05 बजे वनकर्मी बीट गार्ड और सुरक्षा श्रमिकों के साथ मौके पर पहुंचे थे, जहां 10 से 12 लोग वन क्षेत्र में मौजूद मिले। जब वनकर्मियों ने पूछताछ करते हुए अवैध गतिविधियों को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी भड़क उठे और अमले के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से हमला करने का प्रयास किया व जान से मारने की धमकी दी, साथ ही मौके पर मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। इस घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों में रोष व्याप्त है और क्षेत्र में यह सवाल उठ रहा है कि यदि रक्षक ही असुरक्षित रहेंगे, तो वन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश कैसे लग पाएगा।

















