उमरिया, तपस गुप्ता। अमरपुर चौकी क्षेत्र के चिल्हारी गांव में दिनदहाड़े वृद्ध दंपति पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी सत्यम साहू को चिल्हारी स्कूल के पास से पकड़ा और न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।


जानकारी के अनुसार, चिल्हारी निवासी मोहन लाल कचेर और उनकी पत्नी जानकी कचेर पर पुरानी रंजिश के चलते सत्यम साहू ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया था। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।


घायल वृद्ध दंपति को तत्काल अमरपुर में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बरही रेफर किया। बरही में भी चिकित्सकों ने दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए कटनी रेफर कर दिया।


घटना की गंभीरता को देखते हुए अमरपुर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस की सक्रियता के चलते आरोपी सत्यम साहू को चिल्हारी स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस ने पीड़ित के दामाद की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।