भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मध्य प्रदेश का प्रस्तावित दौरा फिलहाल टल गया है। वे इसी महीने भोपाल आने वाले थे, जिसे लेकर राज्य सरकार और प्रदेश संगठन द्वारा बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही थीं। हालांकि, अब सामने आई जानकारी के मुताबिक वे भोपाल नहीं आएंगे, बल्कि जिस प्रमुख उद्देश्य से उनका मध्य प्रदेश दौरा प्रस्तावित था, वह कार्य अब वे नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय से ही करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश सहित देश के सभी भाजपा शासित राज्यों के पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सामाजिक कल्याण विभागों से जुड़े मंत्रियों को दिल्ली तलब किया है। 19 और 20 नवंबर को आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय मैराथन बैठक में इन वर्गों के कल्याण के लिए चलाए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की जाएगी।


भोपाल में जोर-शोर से चल रही थीं तैयारियां

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन नवंबर में भोपाल आने वाले थे, जिसके चलते प्रदेश भाजपा संगठन और राज्य सरकार अलर्ट मोड पर थी। लेकिन अब ऐन वक्त पर उनका भोपाल प्रवास स्थगित कर दिया गया है और सभी संबंधित मंत्रियों को दिल्ली बुलाया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भाजपा के केंद्रीय कार्यालय (नई दिल्ली) में 19 और 20 नवंबर को दो दिनों तक भाजपा शासित राज्यों के पिछड़ा वर्ग (OBC), अल्पसंख्यक और सामाजिक कल्याण विभागों के मंत्रियों के साथ अलग-अलग दौर की बैठकें करेंगे।


अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों पर होगा विशेष मंथन

भाजपा के राष्ट्रीय सूत्रों के अनुसार, देशभर में इन दिनों अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दे चर्चा के केंद्र में हैं। इन्हीं विषयों पर ठोस रणनीति बनाने और जमीनी हकीकत जानने के लिए पार्टी नेतृत्व ने सभी भाजपा शासित राज्यों के विभागीय मंत्रियों के साथ विशेष मंथन करने का निर्णय लिया है। दिल्ली तलब किए गए मध्य प्रदेश के संबंधित मंत्रियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी तैयारी के साथ बैठक में शामिल हों। उन्हें केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष अपने-अपने विभागों द्वारा पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों के हित में अब तक किए गए कार्यों का पूरा रिपोर्ट कार्ड तथा आगामी समय के लिए तय किया गया रोडमैप प्रस्तुत करना होगा।