पन्ना। जिले की सिमरिया तहसील अंतर्गत ग्राम रैकरा में रविवार सुबह से तेंदुए की दस्तक के कारण व्याप्त दहशत और अफरा-तफरी का माहौल देर रात सुरक्षित रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ समाप्त हो गया। वन विभाग की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद एक रिहायशी मकान के भूसे वाले कमरे में छिपे तेंदुए को सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया। तेंदुए के पकड़े जाने की खबर मिलते ही समूचे गांव और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
तालाब के पास दिखा था तेंदुआ, शोर मचने पर अंकित पटेल के मकान में जा छिपा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच ग्राम रैकरा स्थित तालाब के समीप कुछ ग्रामीणों ने एक तेंदुए को विचरण करते देखा। आबादी क्षेत्र के इतने करीब हिंसक वन्यजीव को देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और शोर-शराबा शुरू हो गया। लोगों की भीड़ और शोर से घबराकर तेंदुआ भागते हुए गांव के ही निवासी अंकित पटेल के मकान में जा घुसा और अंदर बने भूसा रखने वाले कमरे में छिपकर बैठ गया।
ये भी पढ़ें




पुलिस व वन अमले ने संभाली सुरक्षा, विशेषज्ञ टीम ने देर रात चलाया सफल अभियान
घटना की सूचना तत्काल पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल और वन विभाग का मैदानी अमला मौके पर पहुंचा तथा मकान के चारों ओर घेराबंदी कर ग्रामीणों की भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रोका, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके उपरांत वन विभाग की विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली। तेंदुए की सुरक्षा और ग्रामीणों की हिफाजत को ध्यान में रखते हुए टीम ने अत्यंत सतर्कता के साथ अभियान चलाया और कई घंटों के निरंतर प्रयास के पश्चात देर रात तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सफल रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम तेंदुए को अपने साथ सुरक्षित स्थान पर ले गई, जिसके बाद रैकरा गांव में दिन भर से बना खौफ का साया पूरी तरह खत्म हो गया।















