उत्तराखंड। उत्तराखंड के पहाड़ी मार्गों पर मंगलवार सुबह दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने कोहराम मचा दिया। टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में हुई इन दुर्घटनाओं में कुल 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 31 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पहला बड़ा हादसा टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास हुआ, जहां यात्रियों से खचाखच भरी एक बस करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई। वहीं, दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग की क्यूंजा घाटी में हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो खाई में गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई।


टिहरी हादसा

टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के समीप सुबह करीब 5:00 से 5:15 बजे के बीच यह हादसा हुआ। दुर्घटना में 3 साल की बच्ची समेत कुल 25 यात्री घायल हुए हैं। शुरुआत में एम्स (AIIMS) के चिकित्सकों द्वारा 10 लोगों की मौत की जानकारी दी गई थी, लेकिन बाद में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने आधिकारिक तौर पर 9 मौतों की पुष्टि की। हादसे में जीवित बचे यात्रियों ने बताया कि बस की रफ्तार काफी तेज थी और पुल से ठीक पहले अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। खाई में गिरते समय बस कई बड़े पेड़ों और चट्टानों से टकराती हुई नीचे गई, जिससे उसका ढांचा बुरी तरह पिचक गया। ड्राइवर के ठीक पीछे वाली सीट पर बैठे एक घायल यात्री ने बताया कि सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक मची चीख-पुकार से उसकी नींद खुली और कुछ ही सेकेंड में बस जोरदार आवाज के साथ नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन शव बस से बाहर जा गिरे, जबकि अन्य शव अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम भूभाग और गहरी खाई के कारण बचाव कार्य में भारी मशक्कत करनी पड़ी। रेस्क्यू टीम ने कटर उपकरणों की मदद से बस की बॉडी काटकर रास्ता बनाया और अंदर फंसे घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।


रुद्रप्रयाग हादसा

दूसरा दर्दनाक सड़क हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में घटित हुआ। जानकारी के अनुसार, बारातियों से भरी एक बोलेरो गाड़ी पोखरी से शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रही थी, तभी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में बोलेरो सवार 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। घायलों में से 5 की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।


हादसों में शामिल लोग:

1. उत्तराखंड

प्रत्युष (23), निवासी खटीमा, ऊधम सिंह नगर

अभिषेक (28), निवासी जसपुर, ऊधम सिंह नगर

पंकज नेगी (31), निवासी धौलतीर, रुद्रप्रयाग

वीरेंद्र सिंह (58), निवासी कर्णप्रयाग

खुशी भट्ट (19), निवासी पिथौरागढ़

पंकज कंडपाल (42), निवासी हल्द्वानी, नैनीताल

आशा पंत (64), निवासी हल्द्वानी, नैनीताल

अंजू (32), निवासी हल्द्वानी, नैनीताल

दर्शन सिंह (46), निवासी हल्द्वानी, नैनीताल

नवीन (31), निवासी हल्द्वानी, नैनीताल


2. झारखंड

मो. वहाब अंसारी (22), निवासी दुमका

बुधन मुर्मू (50), निवासी दुमका

राजकुमार (32), निवासी दुमका

मुन्ना सिंह (28), निवासी दुमका

अर्जुन सोरेन (34), निवासी दुमका

परेश मरांडी, निवासी दुमका


3. बिहार

संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद

राहुल कुमार (24), निवासी पटना


4. असम

नूरजहां (26), निवासी गुवाहाटी

आयरा (3), निवासी गुवाहाटी


5. पश्चिम बंगाल

रमेश चंद, निवासी कोलकाता

रामा प्रसाद घोष (62), निवासी कोलकाता


6. दिल्ली

जतिन (21), निवासी शाहदरा


7. उत्तर प्रदेश

सागर सिंह (21), निवासी प्रतापगढ़


8. मध्य प्रदेश

आर्यन गुप्ता, निवासी सोहागपुर