अजयगढ़ (पन्ना)। पन्ना जिले के अजयगढ़ नगर अंतर्गत वार्ड क्रमांक-9 स्थित पुलिस कॉलोनी के बगल में दशकों पुराने शासकीय आम रास्ते को अवरुद्ध कर उस पर अवैध रूप से पक्का निर्माण किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय निवासी व शिकायतकर्ता प्रितपाल सिंह सरदार ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अजयगढ़ को लिखित शिकायती आवेदन सौंपकर शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने और आम रास्ता पुनः खुलवाने की मांग की है।
रातों-रात सीसी रोड पर खड़ी कर दी पक्की दीवार, जमीन पर लगा गेट भी तोड़ा
एसडीएम को सौंपे गए शिकायत पत्र में फरियादी प्रितपाल सिंह सरदार ने आरोप लगाया है कि वार्ड के ही एक व्यक्ति द्वारा रातों-रात करीब 30 वर्ष पुराने शासकीय आम रास्ते को बंद करते हुए वहां पक्की दीवार खड़ी कर ली गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, जिस शासकीय रास्ते पर यह अवैध निर्माण किया गया है, वहां पूर्व से ही शासकीय मद से सीसी रोड डली हुई थी। अतिक्रमणकारी ने उसी सीसी रोड के ऊपर पक्का निर्माण कर सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है।
ये भी पढ़ें




निजी भूमि का आवागमन और निकास भी हुआ अवरुद्ध, प्रशासनिक कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि इसी सरकारी रास्ते से सटी हुई उनकी निजी भूमि है। रास्ते पर पक्की दीवार बन जाने के कारण उनकी भूमि का आवागमन और निकास पूरी तरह बंद हो गया है। आरोप है कि अतिक्रमणकारी ने न केवल आम रास्ता रोका, बल्कि शिकायतकर्ता की जमीन पर लगे गेट को भी तोड़ दिया और अवैधानिक तरीके से पक्का निर्माण कर लिया। पीड़ित प्रितपाल सिंह सरदार ने एसडीएम से पूरे मामले की मौके पर जांच कराकर शासकीय सीसी रोड व आम रास्ते से अवैध अतिक्रमण ध्वस्त कराने और रास्ता बहाल कराने की मांग की है।














