रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक शासकीय शिक्षक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सिर में गोली लगने के कारण शिक्षक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती पुलिस जांच में इस आत्मघाती कदम के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
सुबह साढ़े 10 से 11 बजे के बीच कमरे में अकेले थे शिक्षक
मृतक की पहचान वार्ड नंबर 10 निवासी सुभाष तिवारी (48) के रूप में हुई है, जो शासकीय स्कूल टीकर में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 से 11:00 बजे के बीच की बताई जा रही है। उस वक्त वे अपने कमरे में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी रसोई में घरेलू काम कर रही थीं। अचानक घर के अंदर गोली चलने की तेज आवाज गूंजने से परिजन घबरा गए। जब सभी लोग दौड़कर कमरे में पहुंचे, तो सुभाष तिवारी खून से लथपथ हालत में पीठ के बल जमीन पर पड़े थे और उनकी लाइसेंसी पिस्टल उनकी छाती पर रखी हुई मिली।
ये भी पढ़ें




मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कमरे की गहन छानबीन की, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने पिस्टल सहित आसपास की अन्य महत्वपूर्ण वस्तुओं को फिंगर प्रिंट मिलान और वैज्ञानिक परीक्षण के लिए जब्त कर लिया है। विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्रनाथ शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने भी पारिवारिक कारणों के चलते आत्महत्या किए जाने की बात कही है, हालांकि शोक और सदमे के कारण परिजनों ने अभी अधिक जानकारी देने से इनकार किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।












