सटई/छतरपुर। जिले के सटई थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ कल से लापता एक युवक का खून से लथपथ शव जंगल में बरामद हुआ है। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावरों ने पत्थरों से वार कर युवक की बेरहमी से हत्या की है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सिंगरामपुर निवासी मनीष रैकवार के रूप में हुई है, जो बीते कल से अचानक लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, इसी बीच अमरोनिया से सलैया के बीच स्थित घने जंगल में राहगीरों ने एक शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त मनीष के रूप में की। युवक के शरीर और सिर पर पत्थरों से चोट के गहरे निशान मिले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सटई थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गई है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस अंधी हत्या के पीछे क्या कारण था और वारदात को किसने अंजाम दिया, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




