छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले में एक बार फिर शादी के नाम पर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिजावर निवासी एक युवक कथित दलालों के झांसे में आकर “लुटेरी दुल्हन” गिरोह का शिकार हो गया। आरोप है कि उड़ीसा के एक दलाल ने डेढ़ लाख रुपए लेकर युवक की शादी करवाई, लेकिन शादी के कुछ ही दिन बाद नवविवाहिता जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई।


जानकारी के मुताबिक बिजावर निवासी 35 वर्षीय सोनू पाठक की शादी उड़ीसा निवासी मनीषा नाम की युवती से कराई गई थी। इस पूरे सौदे में सम्बलपुर उड़ीसा निवासी दलाल काशीराम पल्लवी की भूमिका बताई जा रही है। पीड़ित परिवार के अनुसार युवक को पहले तीन युवतियां दिखाई गई थीं, जिनमें से उसने मनीषा को पसंद किया था।


बताया गया कि 13 मई 2026 को मुंह दिखाई की रस्म हुई और 14 मई को छतरपुर स्थित मंदिर में दोनों ने वरमाला पहनाकर शादी कर ली। इसके बाद परिवार में खुशी का माहौल रहा और नवविवाहिता का गृह प्रवेश भी धूमधाम से कराया गया।


परिजनों का कहना है कि 16 मई को सुहागरात हुई, लेकिन अगले ही दिन नवविवाहिता ने अचानक तबीयत खराब होने की शिकायत की। 18 मई को उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया। आरोप है कि अस्पताल में बाथरूम जाने का बहाना बनाकर दुल्हन सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई।


घटना के बाद दूल्हा सोनू पाठक अपने परिजनों के साथ सिटी कोतवाली पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


गौरतलब है कि छतरपुर जिले में इससे पहले भी शादी के नाम पर युवकों को ठगने वाले “लुटेरी दुल्हन गैंग” के कई मामले सामने आ चुके हैं। पुलिस पूर्व में ऐसे गिरोहों का खुलासा भी कर चुकी है। ताजा घटना ने एक बार फिर शादी के नाम पर सक्रिय दलालों और फर्जी रिश्तों के नेटवर्क पर सवाल खड़े कर दिए हैं।