भोपाल,जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रश्नकाल में गौशालाओं की स्थिति और गोवंश संरक्षण को लेकर चर्चा छिड़ गई। भाजपा विधायक अनिरुद्ध मारू ने गौशालाओं की वर्तमान स्थिति को लेकर सवाल उठाया, जिसका जवाब देते हुए पशुपालन एवं डेयरी मंत्री लखन पटेल ने सदन को विस्तृत जानकारी दी।


मंत्री लखन पटेल ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में कुल 3040 गौशालाएं संचालित हो रही हैं। इनमें मुख्यमंत्री गौसेवा योजना के तहत अधिकांश गौशालाएं शामिल हैं, जबकि कुछ अशासकीय स्वयंसेवी संस्थाओं और नगरीय निकायों द्वारा भी चलाई जा रही हैं। सरकार गोवंश संरक्षण और संवर्धन को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि गोवंश की सटीक गणना के लिए चिप सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे आवारा पशुओं की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।


मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि आने वाले दो वर्षों में सड़कों पर एक भी निराश्रित गौवंश नहीं दिखेगा, क्योंकि गौशालाओं को और मजबूत तथा हाईटेक बनाने की दिशा में कार्य तेजी से चल रहा है।


इस दौरान सदन में हंगामा भी हुआ। कांग्रेस विधायकों ने अपने सहयोगी बाबू सिंह जडेल पर दर्ज एफआईआर के विरोध में वॉकआउट कर दिया, जिससे कार्यवाही कुछ देर प्रभावित रही।