छतरपुर। जिले के छोटे से गांव पिपट के रहने वाले सुभाष अहिरवार अब मायानगरी मुंबई में अपनी पहचान बना रहे हैं। रंगमंच से अभिनय की शुरुआत करने वाले सुभाष ने छतरपुर और भोपाल में कई वर्षों तक थिएटर किया और इसी दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय से अभिनय की पढ़ाई भी की। इसके बाद वे दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने श्री राम सेंटर रेपर्टरी में काम करते हुए अपने अभिनय को और निखारा।


लगातार मेहनत और संघर्ष के बाद सुभाष पिछले दो वर्षों से मुंबई में सक्रिय हैं, जहां उन्होंने फिल्मों और वेबसीरीज़ में काम किया है। उनकी कई परियोजनाएं जल्द ही रिलीज होने वाली हैं। इसी कड़ी में उनकी एक प्रमुख फिल्म ‘I.I.Z इंडियन इंस्टिट्यूट जॉम्बीज’ 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।


इस फिल्म में मुख्य भूमिका में मशहूर कॉमेडियन जॉनी लीवर के बेटे जेस्सी लीवर नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण लो ग्रेविटी प्रोटेक्शन हाउस ने किया है, जबकि निर्देशन गगनजीत और आलोक द्विवेदी ने किया है। सुभाष अहिरवार की इस उपलब्धि से छतरपुर जिले में खुशी का माहौल है और क्षेत्र के युवाओं को भी उनसे प्रेरणा मिल रही है।