सतना, सजल कुमार रजक । संभाग स्तरीय चिल्ड्रेन डांस शो प्रतियोगिता का आयोजन 4 अक्टूबर को टाउन हॉल में किया जाएगा। मूवमेंट ऑफ आर्ट कल्चर एडेड स्पोर्ट्स सोसायटी-इंडिया की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में 4 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन में संभागभर से 100 से अधिक बाल कलाकारों के शामिल होने की उम्मीद है।


प्रतियोगिता में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए 2 अक्टूबर को सुबह 11 बजे लायंस क्लब भवन में ऑडिशन आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों में बांटा गया है। ग्रुप-ए में 4 से 7 वर्ष, ग्रुप-बी में 8 से 11 वर्ष और ग्रुप-सी में 12 से 15 वर्ष तक के प्रतिभागी शामिल होंगे।


आयोजकों के अनुसार प्रत्येक आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ‘नृत्य श्री अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमंत कुमार डेनियल ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की नृत्य प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।


राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बाल कलाकारों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ मंचीय अनुभव भी मिलेगा।