दमोह, राजेन्द्र तिवारी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिविल वार्ड क्रमांक-2 स्थित इंदिरा कॉलोनी में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने शुक्रवार रात हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में करीब आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एक पक्ष की सविता रैकवार ने आरोप लगाया कि उनके बच्चे मैदान में खेल रहे थे, तभी उनका दूसरे पक्ष के बच्चों से विवाद हो गया। कुछ समय बाद धर्मेंद्र राठौर, सुनील राठौर, प्रेम राठौर सहित अन्य लोग उनके घर पहुंचे और डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस घटना में आंसू रैकवार, मयंक रैकवार और दीपेश राजपूत सहित परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के गोकुल राठौर का कहना है कि खेल के दौरान दीपेश राजपूत मोटरसाइकिल लेकर मैदान पहुंचा और उसके कारण एक बच्चे को चोट लग गई। घटना की शिकायत करने जब परिजन युवक के घर पहुंचे तो विवाद बढ़ गया। बाद में दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई। राठौर परिवार का आरोप है कि उनके घर पर हमला किया गया, जिसमें सील रानी राठौर के सिर में चोट आई, जबकि प्रेम राठौर, धर्मेंद्र राठौर सहित अन्य सदस्य भी घायल हुए।
घटना के बाद दोनों पक्षों के घायल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त हुई है तथा मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

