छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। उत्कृष्ट विद्यालय के आईटी एवं सिक्योरिटी विषय के विद्यार्थियों का कोतवाली थाने में शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान कोतवाली उप निरीक्षक नारायण बघेल ने विद्यार्थियों को थाना परिसर का भ्रमण कराते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली और विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी।


विद्यार्थियों को एफआईआर दर्ज होने की प्रक्रिया, शिकायत मिलने के बाद पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई तथा पुलिस विभाग की विभिन्न जिम्मेदारियों के बारे में समझाया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।


यह भी पढि़ए: फोन आया- अस्पताल आ जाओ, भाई मर गया:छतरपुर में जालौन के मजदूर की संदिग्ध हालात में थमीं सांसें, परिजनों ने लगाया हत्या का संगीन आरोप




पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपना निशाना बना रहे हैं। ऐसे में अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सतर्क रहने की सलाह दी गई।


भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने कहा कि बदलते दौर में अपराध के तरीके भी बदल रहे हैं, इसलिए कानून की जानकारी के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी जरूरी है।