नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सीएम राइज संदीपनी स्कूल की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। यह दुर्घटना सुबह करीब 7:30 बजे ग्राम सूकरी और चुरका के बीच मोड़ पर हुई। हादसे के वक्त बस में 4 विद्यार्थी, ड्राइवर और महिला कंडक्टर सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी 6 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और एक बड़ा हादसा टल गया।
मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटी बस
सीएम राइज संदीपनी स्कूल की बस (क्रमांक MP 04 PA 2430) शनिवार सुबह आसपास के ग्रामीण अंचलों से विद्यार्थियों को लेने गई थी। सूकरी और चुरका गांव के बीच बने तीखे मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और एक पलटी खाकर सड़क किनारे तिरछी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की गति तेज थी, जिससे मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डायल-112 ने संभाला मोर्चा; घायलों का विवरण
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे बच्चों और स्टाफ को बाहर निकाला और सभी को सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
घायल विद्यार्थियों की सूची
सौरभ ठाकुर (13 वर्ष) - निवासी ग्राम बंदीछोड़, ऋषभ ठाकुर (14 वर्ष) - निवासी ग्राम बंदीछोड़, मधु गुर्जर (14 वर्ष) - निवासी ग्राम चारगांव, रागिनी पाल (15 वर्ष) - निवासी ग्राम चारगांव
घायल स्टाफ
तुलसी प्रसाद (बस ड्राइवर, निवासी ग्राम करणपुर), वर्षा सिंह (महिला कंडक्टर, निवासी सोहागपुर)
पुलिस कार्रवाई
सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि सूकरी और चुरका के बीच बस पलटने की घटना में चार बच्चों समेत स्टाफ को मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार करा दिया गया है। पुलिस ने बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




