छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी । जिले में एक दर्दनाक हादसे के बाद न्याय के लिए भटक रहे परिवार की पीड़ा एक बार फिर सामने आई है। 14 साल पहले हुए ट्रैक्टर हादसे में पिता की मौत के बाद भी परिवार को अब तक मुआवजा नहीं मिल सका। इसी से आक्रोशित होकर मृतक के बेटे ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आधा नग्न होकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने की मांग की। जानकारी के अनुसार, तामिया तहसील के ग्राम कुर्सीढाना निवासी घनश्याम उइके की 21 अप्रैल 2012 को ट्रैक्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी। बताया जाता है कि ट्रैक्टर को रिवर्स करते समय लापरवाही के चलते वे उसकी चपेट में आ गए थे, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद न्यायालय ने 3 नवंबर 2012 को मृतक के परिजनों को 7 लाख 26 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि आदेश के 14 साल बाद भी यह राशि पीड़ित परिवार तक नहीं पहुंच पाई। इसी से नाराज होकर मृतक के बेटे प्रकाश उइके ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। हाथ में तख्तियां लेकर उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और कहा कि न्याय के लिए वे वर्षों से दर-दर भटक रहे हैं। प्रकाश उइके ने बताया कि केस लड़ने के लिए उन्हें अपनी जमीन तक छीन गई और वकीलों की फीस चुकाते-चुकाते परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है। परिवार ने प्रशासन से जल्द मुआवजा दिलाने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
14 साल बाद भी नहीं मिला मुआवजा, बेटे का आधा नग्न प्रदर्शन

Saurabh Shukla
17 जून 2026, 04:12 am IST
Saurabh Shukla17 जून 2026, 04:12 am IST
