भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को राजधानी भोपाल में उपवास और प्रदर्शन शुरू किया। पार्टी नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी पर झूठ और षड्यंत्र के जरिए नामांकन निरस्त कराने का आरोप लगाते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करने का आरोप लगाया।


कांग्रेस के आह्वान पर रोशनपुरा चौराहे पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, विधायक एवं बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में विपक्ष की आवाज को दबाने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से यह कार्रवाई कराई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को चुनावी प्रक्रिया से बाहर करने की साजिश रच रही है।


उपवास के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के निर्णय को वापस लेने की मांग उठाई। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी।